डिंडौरी। युवा, नारी, किसान और गरीब के कल्याण एवं विकास के लिये प्रदेश में 11 दिसम्बर से 26 जनवरी, 2025 तक मुख्यमंत्री जन-कल्याण अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत जन समुदाय तक हितलाभ पहुंचाने के लिए जनशिविरों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में आज शनिवार को शहपुरा जनपद पंचायत के तहत ग्राम पंचायत बरखेड़ा, गुरैया, रावनकुंड, दल्काखम्हरिया एवं कहेंजरा में शिविरों का आयोजन किया गया। शहपुरा क्लस्टर में आयोजित जनशिविर शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे के मुख्य आथित्य में संपन्न हुए। विधायक ओम प्रकाश धुर्वे ने कन्या पूजन कर जनशिविर का शुभारम्भ किया, इस दौरान क्षेत्रीय कलाकारों ने गुदुम बाजा की प्रस्तुति दी।
विधायक धुर्वे ने ग्राम पंचायत बरखेड़ा में 15वें के तहत 6.82 लाख रूपए लागत की सीमेंट कांक्रीट रोड एवं 2.43 लाख रूपए लागत के नाली निर्माण कार्य का लोकार्पण एवं 2.00 लाख रूपए लागत राशि के रंगमंच कार्य निर्माण का भूमिपूजन एवं ग्राम पंचायत गुरैया में स्वागत गेट निर्माण का भूमिपूजन किया, साथ ही शिविर में अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। इस दौरान विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने अपने सम्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन आपके द्वार तक आपकी समस्याओं का निराकरण करने पहुंच रही है।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान में युवा, महिला, किसान और गरीब वर्ग को केंद्रित कर शासन की योजनाओं को शत प्रतिशत क्रियान्वयन किया जा रहा है। ग्राम पंचायत में किये जा रहे विकास कार्यों से ग्रामीणों को व्यक्तिगत स्तर के साथ साथ सामुदायिक स्तर पर भी लाभ मिल रहा है, ग्राम स्तर पर रंगमंच के निर्माण से कला और संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा,उन्होंने इस अवसर पर वृद्धा पेंशन, मातृत्व वंदना योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, सम्बल कार्ड, प्रसूति सहायता आदि योजनाओं के सम्बन्ध में ग्रामीणों से चर्चा की और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। आज आयोजित शिविर में जनपद अध्यक्ष शहपुरा प्रियंका आर्मो,जनपद पंचायत उपाध्यक्ष जितेन्द्र चंदेल, राजेश साहु, नितिन गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि और सम्बंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री जन-कल्याण अभियान जन-कल्याण अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के युवा, नारी, किसान तथा गरीब वर्ग के कल्याण एवं विकास के लिए दृढ़ संकल्पित होकर कार्य करना है एवं उनके हितार्थ चलाई जा रही योजनाओं को धरातल पर क्रियान्वित करना है। मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के तहत 34 हितग्राही मूलक योजना, 11 लक्ष्य आधारित और 63 अन्य सेवाओं को आम नागरिकों तक सहज रूप से पहुँचाया जा रहा है और प्रशासन गाँव की ओर की अवधारणा को साकार किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों सहित नगर परिषद क्षेत्र में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिले में अभियान के तहत 392 शिविर आयोजित होने है, जोकि प्रतिदिन जनप्रतिनिधि और अधिकारीगणों के द्वारा संपन्न कराए जा रहे है। जनशिविर के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं के निराकरण और राज्य व केन्द्र शासन की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।