डिंडौरी : 26 दिसम्बर, | वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय शहपुरा में विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे के मुख्य आतिथ्य और कलेक्टर श्री हर्ष सिंह की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वीर बाल दिवस प्रति वर्ष 26 दिसंबर को जोरावर सिंह और फ़तेह सिंह के बलिदान को याद करने के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। वीर बाल दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें भाषण प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता आदि शामिल रही। भाषण प्रतियोगिता राष्ट्र निर्माण में बच्चों की भूमिका के विषय पर आयोजित की गयी।
विधायक श्री ओम प्रकाश धुर्वे ने अपने सम्बोधन में कहा कि बच्चे मन के सच्चे होते है, ऐसा इसलिए कहा जाता है, क्योंकि बच्चों को किसी भी सांचे में ढाल कर पक्का बनाया जा सकता है। बच्चों का मन सच्चा होता है, उन्हें जैसा सिखाया जाएगा, वैसा सीख जायेंगे। देश का भविष्य बच्चे है, भविष्य तभी अच्छा होगा जब बच्चे संस्कारित होंगे। वीर बाल दिवस हमें उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा देता है, गुरु गोविन्द सिंह जी के दो पुत्र जोरावर सिंह और फ़तेह सिंह ने राष्ट्र धर्म का पालन करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र के लिए दिया।
गुरु गोविन्द सिंह जी के संस्कार स्वाभिमान की भावना का विकास करते है, अच्छे संस्कार सीखकर ही हम आदमी से मनुष्य बनते है। उन्होंने कहा कि सभी खूब पढे़ और आगे बढे़ं। कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वीर बाल दिवस वर्ष 2022 से मनाया जा रहा है, यह दिवस गुरू गोविन्द सिंह जी की दो सुपुत्र जोरावर सिंह और फतेह सिंह के बलिदान व शौर्य को याद करने का दिन है। उनका बलिदान हमें राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरणा देता है, जो हमें सिखाता है कि किसी भी लक्ष्य को निर्धारित कर उस पर सम्पूर्ण ऊर्जा लगाने से सफलता प्राप्त होती है। इमानदारी से मेहनत करने से किसी भी प्रकार के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। सीईओ जिला पंचायत श्री अनिल कुमार राठौर अपने संबोधन में स्वयं से लड़कर स्वयं को जीतने की बात कही। अतिथियों के द्वारा प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरूस्कृत किया गया। कार्यक्रम में इस दौरान जनपद अध्यक्ष शहपुरा श्रीमती प्रियंका आर्मो, श्री ज्ञानदीप त्रिपाठी, श्री श्याम गुप्ता, श्री भजन लाल चक्रवर्ती, श्री विष्णु अवधिया, एसडीएम शहपुरा श्री ऐश्वर्य वर्मा सहित अन्य अधिकारीगण, शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।